नैला के श्री कृष्ण गौशाला में आज मनेगा गोपाष्टमी पर्व, विधि-विधान से गौ-पूजन कर लगाया जाएगा गुड़-चने का भोग


भगवान श्रीकृष्ण के ‘गोपाल’ नाम पड़ने से जुड़ी है इस पर्व की पौराणिक मान्यता
जांजगीर-चांपा। श्री धर्म सेवा समिति नैला द्वारा संचालित श्री कृष्ण गौशाला में आज मंगलवार को गोपाष्टमी पर्व का आयोजन किया जा रहा है। गौशाला समिति के अध्यक्ष राजेश पालीवाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस साल भी परिसर में गौमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और सेवा की जाएगी। इस अवसर पर गौमाता को भोग स्वरूप गुड़, चना और हरा चारा खिलाया जाएगा।
गौमाता की सेवा और आयोजन की तैयारियां
नैला स्थित इस गौशाला में समिति द्वारा वर्षों से निराश्रित, घायल और अस्वस्थ गौमाता की देखभाल और सेवा की जा रही है। गोपाष्टमी के मुख्य आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सचिव पवन अग्रवाल, प्रदीप गोयल संदीप शर्मा और मनोज अग्रवाल सहित अन्य सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। पर्व के मौके पर शहर के मंदिरों और गौशाला परिसर में सत्संग-भजन व कीर्तन का दौर भी चलता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
पौराणिक कथा: जब श्रीकृष्ण पहली बार गाय चराने वन गए
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को गोपाष्टमी के रूप में मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बाल सखाओं के साथ पहली बार गायों को चराने के लिए वन में कदम रखा था। माता यशोदा ने इस दिन उनका विशेष श्रृंगार कर गोचारण के लिए विदा किया था और तभी से श्रीकृष्ण का नाम ‘गोपाल’ और ‘गोविंद’ पड़ा। सनातन धर्म में मान्यता है कि गाय के शरीर में तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए गोपाष्टमी पर गौ-पूजन करने से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।




