श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ में शामिल हुए राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज


व्यास पीठ का पूजन कर किया कथा श्रवण; हरिद्वार के आचार्य चंद्र सागर जी महाराज सुना रहे हैं भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की कथा

जांजगीर-चांपा। सिमगा विकासखंड के ग्राम ओटगन में दीवान परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ में महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज शामिल हुए। उन्होंने व्यास पीठ का विधि-विधान से पूजन कर कथा का श्रवण किया और उपस्थित श्रद्धालुओं को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
कथा श्रवण को बताया परम सौभाग्य
श्रोताओं को संबोधित करते हुए राजेश्री महन्त जी महाराज ने कहा कि व्यास पीठ पर विराजित विद्वान आचार्य जी पूर्व में श्री दूधाधारी मठ रायपुर और श्री शिवरीनारायण मठ में भी कथा का वाचन कर चुके हैं। उनके मुख से कथा सुनना सभी के लिए परम सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि वे आचार्य जी की वाणी से अत्यंत प्रभावित हैं और छत्तीसगढ़ में जहां कहीं भी उनकी कथा होती है, वहां कुछ क्षणों के लिए ही सही, पहुंचने की पूरी कोशिश करते हैं।
भगवान श्रीराम और कृष्ण जन्म के प्रसंगों का वर्णन
कथा वाचक हरिद्वार से पधारे आचार्य चंद्र सागर जी महाराज ने राजेश्री महन्त जी महाराज का स्वागत करते हुए कहा कि पूज्य महाराज जी भगवान राघवेंद्र सरकार के अनन्य भक्त हैं और उनके हृदय में रघुनाथ जी विराजते हैं। कथा के दौरान आचार्य जी ने भगवान श्रीराम के चरित्र, भक्ति और मर्यादा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए श्रीकृष्ण जन्म तथा राजा अंबरीष के प्रेरक प्रसंग सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस धार्मिक आयोजन में आयोजक संजयधर दीवान, उनके परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।





