अपराध नियंत्रण को लेकर SP विजय कुमार पाण्डेय का सख्त रुख, गुंडा-बदमाशों की नियमित चेकिंग और फरार वारंटियों की धरपकड़ के दिए निर्देश


राजपत्रित अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक में पुलिसिंग मजबूत करने पर जोर; थानों में फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की हिदायत
जांजगीर-चांपा। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों पर लगाम कसने के लिए SP विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय के सभा कक्ष में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित मामलों के निपटारे और थाना-चौकी क्षेत्रों की पुलिसिंग की समीक्षा करते हुए SP ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
बीट सिस्टम मजबूत करने और बदमाशों पर नजर रखने के निर्देश
SP ने सभी राजपत्रित अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र के थाना और चौकी प्रभारियों के जरिए बीट सिस्टम को सक्रिय करें। उन्होंने इलाके के गुंडा और निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग कर उनकी हर गतिविधि पर नजर रखने और संदिग्ध लोगों व वाहनों की जांच के लिए समय-समय पर नाकाबंदी करने को कहा।
फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
बैठक में SP पाण्डेय ने फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने पर जोर दिया। उन्होंने लंबित गिरफ्तारी और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि अपराधियों पर नकेल कसना पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
फरियादियों से शालीन व्यवहार और तत्काल कार्रवाई की हिदायत
SP ने साफ शब्दों में कहा कि थानों में आने वाले आम लोगों और फरियादियों के साथ शालीनता से पेश आएं। उनकी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए समय पर कानूनी कार्रवाई कर मामले का निपटारा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिसिंग में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस बैठक में DSP मुख्यालय विजय कुमार पैकरा, DSP अजाक सतरूपा तारम, CSP कोतवाली योगिताबाली खापर्डे, SDOP शिवरीनारायण तोमेश वर्मा, SDOP चांपा लौकेश बंसल, SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह सहित स्टेनो राजेंद्र श्रीवास्तव, रीडर-1 अश्वनी राठौर और स्थापना प्रभारी कृष्णा साहू मौजूद रहे।




