श्री दूधाधारी मठ में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनी आंवला नवमी: महंत रामसुंदर दास जी महाराज ने की वृक्ष की विशेष पूजा, बोले- इस दिन किया गया दान-पुण्य होता है अक्षय


भजन-कीर्तन के साथ गीता नर्सरी पहुंचे श्रद्धालु; नगर की माताओं ने आंवला वृक्ष की परिक्रमा कर ग्रहण किया प्रसाद

रायपुर। कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाने वाला पावन पर्व आंवला नवमी बुधवार को श्री दूधाधारी मठ में बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर राजेश्री महंत रामसुंदर दास जी महाराज ने आंवला वृक्ष के नीचे भगवान श्रीहरि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
सनातन धर्म के पालन का दिया संदेश
आंवला नवमी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए राजेश्री महंत जी महाराज ने कहा कि इस दिन आंवला वृक्ष के नीचे भगवान श्रीहरि की पूजा-अर्चना के पश्चात प्रसाद प्राप्त करने का अत्यंत महत्व है। उन्होंने कहा कि इस पावन तिथि पर किया गया दान, पुण्य और पूजा-अर्चना सभी अक्षय होता है। महंत जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने पूर्वजों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए सनातन धर्म का परिपालन करना चाहिए।
भजन-कीर्तन और माताओं ने की परिक्रमा
उत्सव के दौरान श्रद्धालु भक्तगण भजन-कीर्तन करते हुए श्री दूधाधारी मठ परिसर स्थित गीता नर्सरी पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस कार्यक्रम में नगर की माताएं भी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुईं। माताओं ने आंवला वृक्ष की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया।
गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस धार्मिक आयोजन में विजय पाली, रामछबि दास, राम मनोहर दास, राम अवतार दास, रामदेव दास, राम लोचन त्रिपाठी, राम मोहन दास, प्रवेश नारायण शुक्ला, जय शुक्ला, नंदलाल फेकर, ओम प्रकाश यादव, कौशल साहू, निर्मल दास वैष्णव और हर्ष दुबे सहित अनेक प्रतिष्ठित नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे।





