किताब-कलम की जगह मासूमों के हाथ में सीमेंट! कोटमी सोनार के सरकारी स्कूल में बच्चों से कराई जा रही दीवारों की मरम्मत, वीडियो वायरल


पहली से पांचवीं तक के छात्र कक्षाओं की सफाई और दीवारों की दरारें भरते आए नजर, मामला सामने आने के बाद डीईओ ने कही जांच की बात
जांजगीर-चांपा। सरकारी स्कूलों में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को गढ़ने के लिए किताब और कलम थमाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कोटमी सोनार स्थित शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला बाजार पारा से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वीडियो में पहली से पांचवीं कक्षा तक के नन्हे छात्र पढ़ाई करने के बजाय स्कूल की दीवारों में पड़ी दरारों पर सीमेंट लगाते दिखाई दे रहे हैं।
मामला यहीं नहीं रुका, वीडियो में स्कूली बच्चे कक्षाओं की साफ-सफाई करते हुए भी साफ नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में बच्चों से कराए जा रहे इस निर्माण और सफाई कार्य का वीडियो गांव के ही एक युवक ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दीवारों की छबनाई करते दिखे नन्हे छात्र
वायरल वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि छोटे-छोटे बच्चे स्कूल भवन की दीवारों पर सीमेंट से छबनाई कर दरारों को भरने का काम कर रहे हैं। जिन हाथों में कॉपी-किताब होनी चाहिए, उन हाथों में सीमेंट और मरम्मत का सामान देखकर ग्रामीणों और अभिभावकों में भी नाराजगी देखी जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और निगरानी व्यवस्था को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
डीईओ ने दिया जांच का आश्वासन
सरकारी स्कूल में मासूम बच्चों से मरम्मत और सफाई जैसे कार्य कराए जाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। अब सभी की नजरें विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि स्कूल में बच्चों से यह काम किन परिस्थितियों में और किसके निर्देश पर कराया जा रहा था।




