भगत चौक में 65वें अखण्ड राम नाम सप्ताह यज्ञ का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धा


250 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं ने उठाए कलश, भगत चौक से देवी दाई मंदिर तक निकली यात्रा; 100 साल पुराने वटवृक्ष के नीचे सात दिन-सात रात गूंजेगा राम नाम
जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय जांजगीर की पुरानी बस्ती स्थित भगत चौक में 65वें अखण्ड राम नाम सप्ताह यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक उत्साह और भक्ति के माहौल में निकली इस यात्रा में 250 से अधिक महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं ने सिर पर कलश धारण कर हिस्सा लिया। भजन-कीर्तन और राम नाम के जयकारों के बीच कलश यात्रा भगत चौक से देवी दाई मंदिर, भीमा तालाब तक पहुंची।

भगत चौक से देवी दाई मंदिर तक निकली कलश यात्रा
कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर सड़क पारा, बरमबावा मंदिर और कहरा पारा होते हुए भगवती देवी दाई मंदिर, भीमा तालाब पहुंची। यात्रा में भगत चौक कीर्तन मंडली और जय मां शारदा कीर्तन मंडली चकरदा के सदस्य राम नाम के भजन गाते हुए आगे चल रहे थे। उनके पीछे महिलाएं और बालिकाएं कलश लेकर भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुईं। भीमा तालाब के घाट पर वरुण कलश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद संकीर्तन करते हुए यात्रा बरमबावा मंदिर और सड़क पारा के रास्ते वापस यज्ञ स्थल पहुंची।

65 वर्षों से निभाई जा रही धार्मिक परंपरा
भगत चौक पुरानी बस्ती के वार्ड क्रमांक 11 में अखण्ड राम नाम सप्ताह यज्ञ का आयोजन लगातार 65 वर्षों से किया जा रहा है। इस वर्ष भी 100 साल से अधिक पुराने विशाल वटवृक्ष के नीचे बने चबूतरे पर 65वें वर्ष के आयोजन का शुभारंभ हुआ।
देव आह्वान, स्थापना पूजा, स्वस्ति वाचन और देव मूर्तियों की झांकी स्थापना के साथ धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ किए गए। भगत चौक के आचार्य उपाध्याय परिवार ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने सामूहिक रूप से राम नाम का जाप शुरू किया।

सात दिन और सात रात लगातार होगा राम नाम जाप
आयोजन के दौरान पूरे सात दिन और सात रात अखण्ड राम नाम का जाप किया जाएगा। इसमें जांजगीर-चांपा जिले सहित अन्य जिलों के सैकड़ों गांवों की कीर्तन मंडलियां शामिल होंगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
युवाओं में दिख रहा खास उत्साह
65 वर्षों से चली आ रही परंपरा को आगे बढ़ाने में इस बार युवाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिल रही है। आयोजन की तैयारियां युवाओं ने शुभारंभ से करीब एक महीने पहले ही शुरू कर दी थीं। कलश यात्रा के दौरान युवा पीले और भगवा रंग के वस्त्रों में नजर आए। बुजुर्गों के साथ युवाओं की सक्रियता ने आयोजन को विशेष उत्साह प्रदान किया।

कीर्तन मंडलियों की प्रस्तुति बनी आकर्षण
कलश यात्रा में ओडिशा से पहुंची जय मां शारदा कीर्तन मंडली चकरदा की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। मंडली के सदस्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भजन-कीर्तन और नृत्य करते हुए यात्रा के आगे चल रहे थे। उनकी प्रस्तुति ने धार्मिक आयोजन में विशेष रंग भर दिया।

आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के संस्थापक, संरक्षक, अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, प्रचार-प्रसार प्रभारी, व्यवस्थापक, मंच संचालन प्रभारी, पुजारी और भगत चौक के मोहल्लेवासी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।



