Chhattisgarhकृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

धान खरीदी की विसंगतियों और आर्थिक नुकसान से नाराज समिति कर्मचारियों ने खोला मोर्चा

कलेक्टर को 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर दी आंदोलन की चेतावनी

134 केंद्रों के ऑपरेटरों का तबादला निरस्त करने, 72 घंटे में धान उठाव व बफर लिमिट खत्म करने की मांग

जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थागत खामियों और आर्थिक नुकसान का मुद्दा उठाते हुए जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने गुरुवार को कलेक्टर को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी कार्य का बहिष्कार कर आंदोलन किया जाएगा।

संघ ने ज्ञापन में कहा है कि जिले की समितियां हर साल शून्य प्रतिशत शॉर्टेज के साथ धान खरीदी पूरी करती हैं, इसके बावजूद खरीदी नीति और विपणन संघ के अनुबंधों के कारण कर्मचारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

ऑपरेटरों के तबादले और सुखत न मिलने से कामकाज प्रभावित

संगठन ने जिले के 134 उपार्जन केंद्रों के कंप्यूटर ऑपरेटरों का दूसरे केंद्रों में स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें मूल समिति में रखने की मांग की है। ऑपरेटरों के स्थानांतरण से ईआरपी, ऋण वसूली, केसीसी ऋण वितरण और खाद-बीज सहित अन्य नियमित कार्य प्रभावित होने की बात कही गई है।

इसके साथ ही संघ ने 17 प्रतिशत नमी वाला धान खरीदने के बाद परिवहन और परिदान के दौरान नमी घटने से होने वाली कमी पर सुखत देने तथा 17 प्रतिशत के स्थान पर 14 प्रतिशत नमी वाले धान की खरीदी का प्रावधान करने की मांग की है। उपार्जन केंद्रों में जगह की कमी और धान के रखरखाव में परेशानी का हवाला देते हुए बफर लिमिट समाप्त करने तथा सुरक्षा भंडारण राशि 5 से बढ़ाकर 10 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग भी रखी गई है।

72 घंटे में धान उठाव और पोर्टल पर तकनीकी सुधार की मांग

संघ ने धान की जावक के समय वास्तविक नमी दर्ज करने और नमी में बदलाव का समायोजन करने के लिए उपार्जन पोर्टल पर तकनीकी मॉड्यूल शुरू करने की मांग की है। इसके अलावा खरीदी के 72 घंटे के भीतर टीओ व डीओ के माध्यम से धान का उठाव कराने तथा देरी होने पर अतिरिक्त सुरक्षा राशि और सुखत देने की मांग की गई है। डेटा एंट्री ऑपरेटरों को छह माह के बजाय पूरे 12 माह का मानदेय देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

हमाली दर और मिलरों की टैगिंग में बदलाव पर जोर

  • हमाली भुगतान में बढ़ोतरी: हमाली कार्यों के लिए 34.77 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान करने की मांग करते हुए संघ ने कहा है कि वर्तमान में केंद्रों को सुरक्षा भंडारण और प्रासंगिक व्यय मिलाकर 27.05 रुपये प्रति क्विंटल ही मिलते हैं।
  • एल-4 ग्रेडिंग की बाध्यता हटे: पीसीएसएपी पोर्टल पर एल-4 ग्रेडिंग आने पर समितियों को मिलने वाली 5 रुपये प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि का प्रावधान समाप्त कर पूर्व वर्षों की तरह शून्य प्रतिशत शॉर्टेज वाले केंद्रों को प्रोत्साहन राशि देने की मांग की गई है।
  • अधिकतम 1 या 2 मिलरों की टैगिंग: पुराने बारदानों की आपूर्ति के लिए एक केंद्र में 5 से 7 मिलरों की टैगिंग से होने वाली अव्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए प्रत्येक उपार्जन केंद्र में अधिकतम एक या दो मिलरों को टैग करने की मांग की गई है, ताकि बारदानों की छंटाई, स्टैकिंग और समन्वय में होने वाली परेशानी व आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के अध्यक्ष रविशंकर राठौर, उपाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, महासचिव मनेन्द्र कुमार शुक्ला, मीडिया प्रभारी हेमंत राठौर तथा प्रतिनिधिगण ब्रजेश तिवारी, नागेन्द्र सिंह, मयाराम राठौर, लेखराम कश्यप सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। संघ ने इसकी प्रतिलिपि खाद्य अधिकारी, उप-आयुक्त सहकारिता, जिला विपणन अधिकारी और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी को भी प्रेषित की है।

Related Articles

Back to top button