सूने मकानों में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया, 300 CCTV खंगालकर पुलिस पहुंची आरोपियों तक

जांजगीर-चांपा। जिले में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और जांजगीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और घटना में प्रयुक्त स्कूटी सहित करीब 9.54 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।
300 से ज्यादा CCTV फुटेज से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के इलाकों के 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को आरोपियों का सुराग मिला और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
नहर किनारे सूने मकानों की करते थे रेकी
जांच में सामने आया कि आरोपी जांजगीर क्षेत्र में नहर किनारे और सुनसान इलाकों के सूने मकानों की रेकी करते थे। 26 फरवरी की रात आरोपी बिलासपुर से स्कूटी में जांजगीर पहुंचे और एक सूने मकान की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। इसके बाद दरवाजे का ताला और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली। चोरी के बाद आरोपी सुनसान जगह पहुंचकर नगदी आपस में बांटकर वापस बिलासपुर लौट गए।
चोरी के जेवर बेचने के लिए बिचौलियों की मदद
चोरी के चांदी के आभूषण बेचने के लिए आरोपियों ने अपने परिचितों की मदद ली। इस दौरान जीत कुमार सूर्यवंशी ने गीता प्रसाद साहू से संपर्क कराया, जिसने चोरी के आभूषण को खरौद क्षेत्र के सूरज सोनी को बेच दिया। इससे करीब 80 हजार रुपये मिले, जिसमें से कुछ रकम बिचौलियों ने रख ली और बाकी मुख्य आरोपी को दे दी।
इनकी हुई गिरफ्तारी
जीत कुमार सूर्यवंशी (22) निवासी तोरवा, बिलासपुर गीता प्रसाद साहू (37) निवासी देवरीखुर्द, बिलासपुर सूरज सोनी (34) निवासी गुड़ीपारा, खरौद शिवरीनारायण प्रकरण में एक नाबालिग भी शामिल पाया गया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 ग्राम सोना, 796 ग्राम चांदी, 3600 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, उपनिरीक्षक कमलदास बैनर्जी, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों का सराहनीय योगदान रहा।




