जाँजगीर -चाँपा

रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, जिलेभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई, संयुक्त टीम की छापेमारी में 20 से ज्यादा वाहन जब्त

जांजगीर-चांपा, 08 अप्रैल 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच कर कई वाहनों को जब्त किया।
जांच के दौरान बलौदा विकासखंड के ग्राम केराकछार में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई करते हुए 7 ट्रैक्टर, 2 टीपर और 1 हाईवा जब्त कर पंतोरा चौकी को सुपुर्द किया गया। वहीं 2 टीपर को मौके पर ही नोटिस चस्पा कर सील किया गया।
चांपा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर 1 ट्रैक्टर को जब्त कर थाना चांपा के सुपुर्द किया गया। इसी क्रम में हथनेवरा और पिपरदा क्षेत्रों में भी कार्रवाई करते हुए 4-4 हाईवा जब्त किए गए।
अवैध रेत परिवहन में संलिप्त पाए गए 3 हाईवा को जब्त कर पुलिस लाइन खोखरा में सुरक्षार्थ रखा गया है। प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button