क्राइमजाँजगीर -चाँपा

घर से टांगी लाकर किया सिर पर हमला, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घायल का अस्पताल में उपचार जारी

जांजगीर-चांपा। थाना चांपा क्षेत्र में गाली-गलौज के विवाद के बाद टांगी से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुरदा निवासी कीर्तन पटेल (32 वर्ष) आहत सुखराम पटेल के घर के पास पहुंचकर गाली-गलौज कर रहा था। मना करने पर आरोपी आवेश में अपने घर गया और वहां से टांगी लेकर वापस आया। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए सुखराम पटेल के सिर पर वार कर दिया। हमले में आहत के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना चांपा में अपराध क्रमांक 90/26 दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और घटना में प्रयुक्त टांगी अपने घर से निकालकर पुलिस के सामने पेश की, जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक बी.पी. खाण्डेकर, आरक्षक मुन्द्रिका दुबे, वीरेश सिंह, गौरीशंकर रॉय, खेमचरण राठौर और कैलाश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button