धर्म भक्ति

पवनी में महामंडलेश्वर रामसुन्दर दास जी की मौजूदगी में श्रीराम मंदिर जीर्णोद्धार का भूमि पूजन

वेनगंगा तट स्थित प्राचीन मंदिर परिसर के विकास कार्य का शुभारंभ, दो चरणों में होगा निर्माण और विस्तार

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा

महाराष्ट्र के भंडारा जिले के पवनी नगर में वेनगंगा नदी के पावन तट पर स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर राजेश्री महंत रामसुन्दर दास जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। अभिजीत मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने भाग लिया। महामंडलेश्वर रामसुन्दर दास जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि यह केवल मंदिर निर्माण का कार्य नहीं, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के विकास का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा।

दो चरणों में होगा मंदिर परिसर का विकास

महंत रामसुन्दर दास जी ने बताया कि प्रथम चरण में सर्वसुविधायुक्त भवन एवं कक्षों का निर्माण किया जाएगा, जिनका उपयोग धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए किया जा सकेगा। इसके बाद दूसरे चरण में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण का कार्य प्रारंभ होगा, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

पवनी के लिए ऐतिहासिक अवसर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर परिषद पवनी की अध्यक्ष विजय ताई नंदूरकर ने कहा कि श्रीराम मंदिर विकास कार्य का शुभारंभ नगर के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण से देशभर में आस्था का वातावरण बना, उसी प्रकार पवनी में भी इस कार्य को लेकर लोगों में विशेष उत्साह है।

मुक्तिधाम निर्माण के लिए सहयोग का आग्रह

नगर परिषद अध्यक्ष ने वेनगंगा तट स्थित मंदिर भूमि के एक हिस्से में नगरवासियों के लिए मुक्तिधाम निर्माण में सहयोग का आग्रह किया। इस पर महामंडलेश्वर रामसुन्दर दास जी महाराज ने कहा कि इस विषय पर श्री दूधाधारी मठ ट्रस्ट समिति में चर्चा कर उचित निर्णय लिया जाएगा और जनहित के कार्यों में हर संभव सहयोग किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ आने का दिया निमंत्रण

img com 2026062419214981801582785163961576874

महंत रामसुन्दर दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को छत्तीसगढ़ स्थित श्री दूधाधारी मठ ट्रस्ट द्वारा संचालित धार्मिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों का अवलोकन करने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा शिक्षा, सेवा और धर्म के क्षेत्र में अनेक कार्य किए जा रहे हैं, जिनका लाभ समाज के विभिन्न वर्गों को मिल रहा है।

श्रद्धालुओं और ट्रस्ट पदाधिकारियों की रही उपस्थिति

भूमि पूजन कार्यक्रम में श्री दूधाधारी मठ ट्रस्ट समिति के सदस्य विजय पाली, दाऊ राजेश अग्रवाल, रामकृष्ण पाली, ज्योतिंद्रनाथ ठाकुर, सुखराम दास जी, रामछवि दास, लीलाधर मुंडले, लोकेश डलवे, चिराग सुरकर, गिरीश उडकुडकर, प्रतीक कहु, गुरुदेव कवाड़े, उमेश कवाड़े, हितेंद्र पांडे, श्रीकांत भोगे, बसंत मंडले, सोम कावडे, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, रतन साहू, रामप्रिय दास जी, खगेश वर्मा, हर्ष दुबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मंदिर विकास से बढ़ेंगी धार्मिक गतिविधियां

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि मंदिर परिसर के विकास और प्रस्तावित निर्माण कार्यों से पवनी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी एक बेहतर केंद्र विकसित होगा, जिससे क्षेत्र की पहचान और मजबूत होगी।

Related Articles

Back to top button