मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा द्वारा धूमधाम से मनाया गया तीज उत्सव: अग्रसेन भवन में सजीं विविध प्रतियोगिताएं

सावन क्वीन, रील बनाओ और झूला सजाओ प्रतियोगिता में महिलाओं व बच्चों ने दिखाया उत्साह; उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
जांजगीर चाम्पा। मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा द्वारा स्थानीय अग्रसेन भवन में पारंपरिक उल्लास और उमंग के साथ भव्य तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (जोन-4) अमर सुल्तानिया के मार्गदर्शन, प्रांतीय अध्यक्ष प्रशांत गांधी एवं प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष रीना केडिया के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की महिलाओं, युवतियों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिताओं का आयोजन और सेल्फी पॉइंट रहा आकर्षण का केंद्र
शाम 4 बजे से प्रारंभ हुए इस समारोह के लिए पूरे अग्रसेन भवन को आकर्षक फूलों से सजाया गया था तथा विशेष सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया था। कार्यक्रम के दौरान सावन क्वीन, रील बनाओ, फौजी एवं झूला सजाओ जैसी अनेक रोचक व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों के लिए सुरुचिपूर्ण व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई थी।
समाज के सहयोग से कार्यक्रम बना भव्य व ऐतिहासिक: पूनम अग्रवाल
शाखा अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल ने कहा कि समाज की मातृशक्ति, युवतियों और बच्चों की सक्रिय सहभागिता ने इस आयोजन को भव्य बना दिया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में अग्रसेन सेवा समिति नैला-जांजगीर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया, प्रांतीय उपाध्यक्ष दीपक सिंघानिया एवं अग्रसेन सेवा समिति अध्यक्ष संजय अग्रवाल के विशेष सहयोग के प्रति आभार जताया।
समारोह में शाखा पदाधिकारी व समाज की महिलाएं रहीं उपस्थित
इस गरिमामय आयोजन में प्रांतीय निर्देशक श्रीमती सुनीता मोदी, संयोजक श्रीमती शिखा अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल, सचिव श्रीमती अनीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती ममता मोदी, उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल, श्रीमती मधु शर्मा, श्रीमती सोनल पालीवाल, श्रीमती शीला अग्रवाल, श्रीमती प्रीति अग्रवाल, श्रीमती बबीता गर्ग, श्रीमती संतोष अग्रवाल सहित मारवाड़ी महिला समाज की सदस्याएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।



