श्रावण मास से पहले राम मंदिर ट्रस्ट की बड़ी तैयारी: धार्मिक समिति का पुनर्गठन, दर्शन और प्रबंधन पर अहम फैसले

ट्रस्ट की बैठक में धार्मिक समिति का पुनर्गठन, CEO चयन प्रक्रिया, चढ़ावा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्ति समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
🔴 Aaj Ki Baat News | अयोध्या
श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में अयोध्या में आयोजित हुई। बैठक में दर्शन व्यवस्था, प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति, चढ़ावा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा मंदिर की पारंपरिक पूजा व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए।
धार्मिक समिति का हुआ पुनर्गठन
ट्रस्ट ने निर्णय लिया कि राम मंदिर के धार्मिक कार्यों का संचालन संत समाज के मार्गदर्शन में किया जाएगा। इसके लिए धार्मिक समिति का पुनर्गठन किया गया। समिति के अध्यक्ष ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि बनाए गए हैं। समिति में विभिन्न पीठों के संतों और महंतों को सदस्य बनाया गया है, ताकि मंदिर की पारंपरिक पूजा व्यवस्था और धार्मिक मर्यादाओं का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
CEO चयन और प्रशासनिक व्यवस्था पर निर्णय
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन के लिए गठित समिति ने बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों के कारण चयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक माह का अतिरिक्त समय मांगा, जिसे ट्रस्ट ने मंजूरी दे दी। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासनिक कार्यों को बेहतर बनाने के लिए सचिव पद पर नियुक्ति का भी निर्णय लिया गया।
चढ़ावा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में चढ़ावा राशि की गणना में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट पर भी चर्चा हुई। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि अंतिम जांच रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए इस मामले में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। साथ ही इस प्रकरण से संबंधित उच्चतम न्यायालय में लंबित मामलों और न्यायालय के निर्देशों का भी संज्ञान लिया गया। ट्रस्ट ने बताया कि चढ़ावा गणना कक्ष सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों की पहुंच में है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ चढ़ावा राशि की गणना संबंधी समझौते (MOU) की समीक्षा करते हुए बैंक की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया गया और वित्त समिति को भविष्य की व्यवस्था तथा मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
पहली बार होगा आधिकारिक प्रवक्ता
समाज और मीडिया के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से ट्रस्ट ने पहली बार आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त करने का निर्णय लिया। साथ ही न्यासी मंडल के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी रहने की जानकारी भी बैठक में दी गई।
ट्रस्ट ने कहा कि विभिन्न आरोपों और दुष्प्रचार के बावजूद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। श्रावण मास से पहले लिए गए इन निर्णयों को मंदिर प्रबंधन को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




