क्राइमसक्ती

सक्ती पुलिस की बड़ी सफलता: कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र में वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों से नकदी, स्टेपनी, जैक, वायर और मशीनें बरामद।

🔴 Aaj Ki Baat News | सक्ती

सक्ती जिले में घरों और सड़कों किनारे खड़ी चारपहिया वाहनों के शीशे तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी सहित विभिन्न सामान बरामद किए गए हैं।

लगातार वारदातों से बढ़ी थी लोगों की चिंता

मालखरौदा और जैजैपुर थाना क्षेत्र के कई गांवों में 10-11 मई 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने खड़ी कारों के शीशे तोड़कर उनमें रखे नगदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक-पाना समेत अन्य सामान चोरी कर लिए थे। इस संबंध में मालखरौदा और जैजैपुर थानों में कुल 11 अपराध दर्ज किए गए थे।

20 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और 4 हजार मोबाइल नंबरों की जांच

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में गठित टीम ने मामले की जांच के दौरान 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही घटनास्थलों के टॉवर डंप डेटा का विश्लेषण कर लगभग 4 हजार मोबाइल नंबरों की तस्दीक की गई। जांच के दौरान खरसिया और रायगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर संदिग्धों से पूछताछ की गई।

दिल्ली भागने की फिराक में था आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी गुलशन कुमार बरेठ को खरसिया रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली भागने की तैयारी में था। इसके अलावा तीन अन्य संदिग्धों को उनके घरों से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

नकदी समेत चोरी का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी में से 4 हजार रुपये, 5 कार जैक, 5 रॉड, 2 बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर, 2 स्टेपनी टायर और 2 डीजल वाइब्रेटर मशीन बरामद की हैं। बरामद सामान को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

मामले में हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू, संतोष सिदार और गुलशन कुमार बरेठ सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस टीम की मेहनत लाई रंग

पूरे मामले के खुलासे में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत, उप निरीक्षक भूपेंद्र चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी सी.पी. कवर तथा साइबर सेल, मालखरौदा और जैजैपुर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

img com 2026062318245223104862499160217036385

Related Articles

Back to top button