चखना दुकान के बाहर खड़ी ब्रेजा कार चोरी, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

CCTV फुटेज और साइबर ट्रैकिंग की मदद से चांपा पुलिस ने 6 लाख रुपये की कार बरामद की, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
🔴 Aaj Ki Baat News |जांजगीर चांपा
चांपा थाना क्षेत्र में चखना दुकान के बाहर खड़ी ब्रेजा कार चोरी होने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की कार बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी मिर्जा अफजल बेग ने 23 जून को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी ब्रेजा कार क्रमांक CG 11 BS 5141 कुरदा शराब भट्टी के पास स्थित चखना दुकान के बाहर खड़ी थी। रात में वह दुकान के अंदर सो गए थे। सुबह उठने पर कार की चाबी और वाहन दोनों गायब मिले।
सिरहाने से चाबी उठाकर ले गया आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी रात के दौरान दुकान में सो रहे वाहन मालिक के सिरहाने रखी चाबी उठा ले गया और उसी चाबी से कार लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से मिला महत्वपूर्ण सुराग
थाना चांपा पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक घटना स्थल के आसपास घूमता और वाहन के पास आते-जाते दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान शुरू की।
साइबर ट्रैकिंग से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान संदिग्ध की पहचान पामगढ़ निवासी कन्हैया कश्यप (26 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और उसे हथनेवरा फोरलेन के पास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कार चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई ब्रेजा कार बरामद कर जप्त की गई।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
संयुक्त टीम को मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, बलवंत धृतलहरे सहित थाना चांपा एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



