जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा: अफरीद सतगवा परिक्षेत्र सूर्यवंशी समाज के अध्यक्ष बने डुग्गुराम प्रधान, चुनाव में 4 मतों से दर्ज की जीत

ग्राम कोसमन्दा में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए चुनाव में विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का चयन, समाज में खुशी और उत्साह का माहौल।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

अफरीद सतगवा परिक्षेत्र सूर्यवंशी समाज का चुनाव 5 जुलाई को ग्राम कोसमन्दा में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रोफेसर रामनारायण प्रधान के नेतृत्व में 9 सदस्यीय निर्वाचन दल की देखरेख में मतदान कराया गया। अध्यक्ष पद के चुनाव में डुग्गुराम (डुग्गु) प्रधान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 4 मतों से हराकर जीत दर्ज की।

सचिव पद पर घासीराम ताम्बरे ने 8 मतों के अंतर से विजय प्राप्त की। कोषाध्यक्ष पद पर भोलूराम सूर्यवंशी ने एक मत से जीत हासिल की। वहीं उप कोषाध्यक्ष पद पर परसराम सूर्यवंशी, शिक्षा सचिव पद पर भरत गढ़ेवाल तथा मीडिया प्रभारी पद पर कृष्णा टण्डन निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

चुनाव में कुल 30 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 29 पुरुष एवं एक महिला मतदाता श्रीमती आशा प्रधान शामिल रहीं। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर समाज के सदस्यों ने संतोष व्यक्त किया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का हुआ सम्मान

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद वरिष्ठ नागरिकों, ग्राम प्रतिनिधियों, पूर्व पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डुग्गुराम प्रधान सहित सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समाज के लोगों ने उनसे संगठन को मजबूत बनाने, सामाजिक एकता बढ़ाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई।

समाज में उत्साह का माहौल

चुनाव के सफल आयोजन के बाद पूरे अफरीद सतगवा परिक्षेत्र में हर्ष का वातावरण देखने को मिला। समाज के सदस्यों ने इसे लोकतांत्रिक परंपरा और संगठनात्मक एकजुटता का सकारात्मक उदाहरण बताया।

Related Articles

Back to top button