क्राइमजाँजगीर -चाँपा

खपरी डबल मर्डर केस का 48 घंटे में खुलासा: चोरी की साजिश बनी मौत की वजह, 4 आरोपी गिरफ्तार

मुख्य साजिशकर्ता समेत पूरा गिरोह पकड़ा, नकली बाल-मुखौटे से छिपाई पहचान साइबर व मुलमुला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में हुए सनसनीखेज बुजुर्ग दंपति हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवर और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

चोरी की नीयत से घुसे, विरोध करने पर कर दी हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ही मृतक संतराम साहू और उनकी पत्नी श्यामबाई साहू के घर की रेकी कर चुके थे। मुख्य आरोपी सुरेन्द्र यादव को पहले एक शादी में वीडियोग्राफी के दौरान यह जानकारी मिली थी कि दंपति घर में अकेले रहते हैं और घर में पैसे-जेवर मौजूद हैं। इसी आधार पर आरोपियों ने चोरी की योजना बनाई। घटना की रात आरोपी नकली बाल, मास्क और टोपी पहनकर छत के रास्ते घर में घुसे। इस दौरान संतराम साहू के जागने पर उनका आरोपियों से सामना हो गया। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। शोर सुनकर जागी श्यामबाई साहू पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

लूटकर फरार, पहचान छिपाने की पूरी तैयारी
हत्या के बाद आरोपियों ने महिला के गले से सोने का हार और पैरों से चांदी की पायल निकाल ली। पहचान छिपाने के लिए नकली बाल और मुखौटे का इस्तेमाल किया गया था। घटना के बाद आरोपी अलग-अलग दिशा में फरार हो गए।

ऐसे खुला राज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना और मुलमुला पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, संभावित रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया। मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और गांव के संदिग्ध युवकों की जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान गजेन्द्र पाल दिनकर के घटना के बाद से गायब होने की जानकारी मिली, जिस पर पुलिस का शक गहरा गया।

तकनीकी साक्ष्य से गिरफ्तारी
साइबर टीम ने तकनीकी माध्यमों से गजेन्द्र को उसके ससुराल नवागांव (थाना मल्हार) से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसके हाथ में चोट के निशान पाए गए। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरा घटनाक्रम कबूल कर लिया और अन्य आरोपियों के नाम बताए।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

सुरेन्द्र यादव
गजेन्द्र पाल दिनकर
श्यामरतन दिनकर
विजेन्द्र पाल दिनकर

बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो चाकू, सोने का हार, चांदी की पायल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
इस पूरे ऑपरेशन में साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, थाना प्रभारी मुलमुला पारस पटेल सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई कर केस सुलझाया।

Related Articles

Back to top button