वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर जांजगीर में होगा विशेष कार्यक्रम, ABVP के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री होंगे शामिल

16 मई को जिला पंचायत ऑडिटोरियम में आयोजित होगा भव्य आयोजन, युवाओं और विद्यार्थियों से शामिल होने की अपील
जांजगीर-चांपा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा राष्ट्रीय गीत “वंदेमातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 16 मई 2026 को जांजगीर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम जिला पंचायत ऑडिटोरियम, जांजगीर में सुबह 10:30 बजे से आयोजित होगा। इस आयोजन में अभाविप के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री एस बालकृष्णन की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। उनका यह दौरा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के केंद्रीय प्रवास कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के रायगढ़ विभाग में प्रस्तावित है।
युवाओं और विद्यार्थियों से शामिल होने की अपील
अभाविप द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शिक्षा जगत से जुड़े लोगों तथा परिषद के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। संगठन ने इसे राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा बताते हुए अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है। कार्यक्रम के दौरान अभाविप के प्रमुख दायित्ववान कार्यकर्ताओं एवं रायगढ़ विभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही शिक्षा जगत से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर अलग-अलग बैठकें प्रस्तावित हैं।
भव्य तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता
अभाविप जांजगीर-चांपा इकाई द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। जिला संयोजक उदय पांडे ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।



