बीजापुर में नक्सलियों के गुप्त ठिकानों पर बड़ा एक्शन, हथियारों और कैश का बड़ा खुलासा

संयुक्त अभियान में 65 लाख नकद, 32 आधुनिक हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सल नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के गुप्त ठिकानों और बंकरों से भारी मात्रा में हथियार, नकदी और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए अभियान में 65 लाख 52 हजार रुपये नकद और 32 आधुनिक हथियार जब्त किए गए हैं।
सुरक्षाबलों को लंबे समय से जंगलों में नक्सलियों के डंप और बंकर होने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद पिछले एक माह से जिले के संवेदनशील इलाकों में लगातार सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के कई गुप्त ठिकानों का पता लगाकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

आधुनिक हथियारों का जखीरा बरामद
कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन, .303 रायफल, बीजीएल लॉन्चर और पिस्टल सहित कुल 32 हथियार बरामद किए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस, बीजीएल सेल, एलएमजी बैरल और संचार उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
विस्फोटक सामग्री मौके पर नष्ट
अभियान में लगभग 140 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और यूरिया भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल आईईडी और विस्फोटक तैयार करने में किया जाता है। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से नक्सलियों की आर्थिक व्यवस्था, हथियार सप्लाई नेटवर्क और आईईडी निर्माण क्षमता को बड़ा नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि लगातार चल रहे अभियानों से नक्सल संगठन कमजोर पड़ रहा है।

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल सुरक्षाबलों को दें, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में अभियान और प्रभावी ढंग से चलाया जा सके।




