जांजगीर-चांपा जिला शतरंज टीम चयन प्रतियोगिता 7 जून को चांपा में

जांजगीर-चांपा। जिला शतरंज संघ जांजगीर-चांपा द्वारा आगामी राज्य चयन शतरंज प्रतियोगिता के लिए जिला टीम चयन प्रतियोगिता का आयोजन 7 जून 2026, रविवार को किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर, चांपा में प्रातः 9 बजे से होगा।
प्रतियोगिता अंडर-11 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में आयोजित की जाएगी। अंडर-11 वर्ग से 2 बालक एवं 2 बालिकाओं तथा अंडर-19 वर्ग से 4 बालक एवं 4 बालिकाओं का चयन आगामी राज्य चयन शतरंज चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा।
प्रतियोगिता में केवल जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। खिलाड़ियों के लिए आयु प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता के राउंड की संख्या प्रतिभागियों की कुल संख्या के आधार पर निर्धारित की जाएगी।
आयोजन समिति के अनुसार अंडर-11 वर्ग के लिए प्रवेश शुल्क 400 रुपये तथा अंडर-19 वर्ग के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है। विलंब शुल्क के साथ 6 जून सायं 5 बजे तक प्रविष्टियां स्वीकार की जाएंगी।
जिला शतरंज संघ ने जानकारी दी है कि इस प्रतियोगिता से चयनित सभी खिलाड़ियों का राज्य चयन शतरंज चैंपियनशिप में प्रवेश शुल्क जिला शतरंज संघ जांजगीर-चांपा द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन एवं बेहतर अवसर प्रदान किए जा सकें।
जिला शतरंज संघ ने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की है।




