कृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

किसान स्कूल में जुटेंगे प्रदेशभर के मशरूम उत्पादक, 26 जून को राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव का आयोजन

देश के पहले किसान स्कूल बहेराडीह में होगा आयोजन, सांसद कमलेश जांगड़े सहित कई जनप्रतिनिधि और कृषि विशेषज्ञ होंगे शामिल

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले के बहेराडीह स्थित देश के पहले किसान स्कूल में 26 जून को राज्य स्तरीय मशरूम (पुटू) महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू की 51वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रदेशभर के मशरूम उत्पादक किसान, कृषि वैज्ञानिक, उद्यमी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, छात्र-छात्राएं और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग भाग लेंगे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद कमलेश जांगड़े, जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी सत्यलता मिरी सहित कई जनप्रतिनिधि और कृषि विशेषज्ञ अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

मशरूम उत्पादन को मिलेगा नया मंच

किसान स्कूल के संचालक एवं मशरूम मास्टर ट्रेनर दीनदयाल यादव ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य मशरूम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और उद्यमिता को बढ़ावा देना है। साथ ही किसानों, युवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

मशरूम प्रदर्शनी बनेगी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के प्राकृतिक और कृत्रिम मशरूम की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जो महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगी। इसके अलावा मशरूम उत्पादन तकनीक, बाजार संभावनाओं, प्रसंस्करण और उद्यमिता पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। सफल मशरूम उद्यमी अपने अनुभव भी साझा करेंगे।

मशरूम मित्र सम्मान’ से होंगे सम्मानित किसान

महोत्सव में राज्य स्तरीय मशरूम प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले उत्पादकों सहित 10 किसानों को ‘मशरूम मित्र सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। वहीं स्टॉल लगाने वाले प्रतिभागियों को किसान स्कूल परिवार की ओर से सहभागिता प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।

महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार का अवसर

आयोजकों के अनुसार मशरूम उत्पादन कम लागत में अधिक आय देने वाला व्यवसाय है। यह विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और बिहान से जुड़ी स्व-सहायता समूहों के लिए रोजगार का प्रभावी माध्यम बन रहा है। महोत्सव के जरिए लोगों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

चार प्रमुख थीम पर आधारित होगा महोत्सव

दीनदयाल यादव ने बताया कि इस वर्ष का राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव चार प्रमुख विषयों—मशरूम उत्पादन, पोषण, रोजगार और आत्मनिर्भरता—पर आधारित है। यह आयोजन कृषि आधारित रोजगार और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने का संदेश देगा। छत्तीसगढ़ में पहली बार भाजी महोत्सव की तर्ज पर मशरूम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

विशेष अतिथि रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक ब्यास कश्यप, सीजी भास्कर रायपुर के संपादक जितेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, जिला पंचायत सभापति उमा राजेंद्र राठौर, बलौदा जनपद पंचायत सभापति चुड़ामणि राठौर, सरपंच पूना बाई मरकाम सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button