Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली समय-सीमा की बैठक: सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के दिए निर्देश

2 नवंबर को ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर होगा राज्योत्सव, धान खरीदी की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा (TL) की बैठक लेकर सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों, राज्य स्थापना दिवस (राज्योत्सव) की तैयारियों, आगामी धान उपार्जन और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचे।

शिकायत बंद करने से पहले नागरिक की संतुष्टि सुनिश्चित करें

सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने दोटूक कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आवेदक की समस्या का धरातल पर वास्तविक समाधान होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को पोर्टल पर बंद करने से पूर्व यह सुनिश्चित करें कि नागरिक की समस्या वास्तव में दूर हुई है या नहीं। इसके लिए अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता से सीधे फोन पर बात कर उनकी संतुष्टि की जानकारी लें।

2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव, सरकारी भवनों पर होगी रोशनी

कलेक्टर ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 2 नवंबर को ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर एक दिवसीय भव्य जिला स्तरीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को समय रहते विभागीय विकास प्रदर्शनी स्टॉल लगाने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, पार्किंग व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। 1 से 3 नवंबर तक सभी शासकीय कार्यालयों व भवनों में आकर्षक रोशनी करने के भी निर्देश दिए गए।

धान खरीदी केंद्रों में चाक-चौबंद हों व्यवस्थाएं, डिजिटल क्रॉप सर्वे में लाएं तेजी

आगामी खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने केंद्रों में बारदाना, तौल कांटा, नमी मापक यंत्र, पेयजल और छाया सहित सभी जरूरी सुविधाएं समय से पहले दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपार्जन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा उन्होंने एसडीएम और तहसीलदारों को पीव्ही ऐप में धान वाले खसरों के पॉलीगॉन निर्माण तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे के शेष कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button