बस्तर में बड़ा नक्सल सरेंडर: 108 नक्सलियों ने डाले हथियार, 3.60 करोड़ कैश और 1 किलो सोना बरामद

जगदलपुर। बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को 108 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इसे छत्तीसगढ़ में अब तक का सबसे बड़ा नक्सली सरेंडर माना जा रहा है। सरेंडर करने वाले सभी नक्सली डीकेएसजेडसी ग्रुप से जुड़े बताए जा रहे हैं।
सरेंडर करने वालों में कई बड़े कैडर शामिल
जानकारी के मुताबिक आत्मसमर्पण करने वालों में 6 डीवीसी, 3 सीवाईपीसीएम, 18 पीपीसीएम स्तर के सदस्य, 23 एसीएम और 56 पार्टी सदस्य शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि इनमें कई सक्रिय और बड़े कैडर के नक्सली भी शामिल हैं।
जमीन में गाड़े ड्रम से मिला 3.60 करोड़ कैश
नक्सल विरोधी कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी रकम भी बरामद हुई है। जंगल क्षेत्र में जमीन के नीचे गाड़े गए एक ड्रम से 3 करोड़ 60 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। यह पूरी रकम 500-500 रुपये के नोटों में थी, जिसे नक्सलियों द्वारा कथित तौर पर वसूली से जमा किया गया था।
1 किलो सोना और 101 हथियार भी बरामद
सुरक्षाबलों ने कार्रवाई के दौरान करीब 1 किलो सोना भी जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 1.60 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा नक्सलियों के पास से 101 हथियार बरामद हुए हैं, जिनमें एके-47, इंसास और एसएलआर राइफल जैसे हथियार शामिल हैं।
अधिकारियों ने क्या कहा

अधिकारियों ने बताया कि कई बड़े नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है और अन्य की तलाश जारी है। सुरक्षा बल लगातार अभियान चलाकर नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने में जुटे हैं।
सरेंडर के बीच कांकेर में मुठभेड़
इसी बीच कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकली थी, तभी नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।




