रजिस्ट्री एवं स्टांप शुल्क में कटौती का चैंबर ऑफ कॉमर्स ने किया स्वागत, जताया आभार

जांजगीर चाम्पा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा रजिस्ट्री शुल्क और स्टांप ड्यूटी की दरों में की गई भारी कटौती के निर्णय का छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने पुरजोर स्वागत किया है। चैंबर की ओर से राज्य सरकार के इस कदम को ऐतिहासिक बताते हुए आभार व्यक्त किया गया है।
निवेश में आएगी तेजी: मनोज अग्रवाल
चैंबर के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि सरकार का यह फैसला पूरी तरह से जनहितैषी है। पूर्व में बढ़ाई गई दरों को वापस लेने से न केवल व्यापारी वर्ग, बल्कि आम जनता को भी बड़ी राहत मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस निर्णय से बाजार में निवेश की वापसी होगी और सुस्त पड़े रियल एस्टेट सेक्टर में एक बार फिर तेजी देखने को मिलेगी। दरों में कमी आने से बाजार में रुका हुआ बड़ा फंड निवेश के रूप में सक्रिय होगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
आम आदमी पर कम होगा आर्थिक बोझ
अध्यक्ष ने आगे कहा कि स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्री दरों में कटौती से जमीन और संपत्तियों के लेन-देन की प्रक्रिया सुगम होगी। इससे मध्यम वर्ग के लोगों पर पड़ने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम होगा और जो सौदे बढ़ी हुई दरों के कारण रुके हुए थे, वे अब शीघ्र पूरे हो सकेंगे। इसका सीधा लाभ किसानों, छोटे व्यापारियों और घर खरीदने का सपना देखने वाले नागरिकों को मिलेगा।
राजस्व में वृद्धि की संभावना
चैंबर ऑफ कॉमर्स का मानना है कि इस नीतिगत सुधार से बाजार में लिक्विडिटी (तरलता) बढ़ेगी। पारदर्शिता के साथ रजिस्ट्री और व्यापारिक सौदे होने से प्रदेश के राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी। इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए चैंबर की जांजगीर-नैला इकाई सहित समस्त व्यापारिक जगत ने मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया है।




