Chhattisgarh

माँ के नाम पीपल का पौधा लगाकर मुख्यमंत्री साय ने ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत की

वन महोत्सव-2026 के तहत 15 एकड़ में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए, प्रदेश में इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य।

🛑  Aaj Ki Baat News | रायपुर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ करते हुए नया रायपुर में अपनी माँ के नाम पर पीपल का पौधा लगाया और प्रदेशव्यापी ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

प्रकृति संरक्षण को बताया सामाजिक जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण की आवश्यकता नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पीपल का वृक्ष आस्था, आध्यात्मिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक माना जाता है तथा यह जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले दो वर्षों में लगभग 7.5 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि वर्ष 2026 में ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

वृक्षारोपण के साथ संरक्षण पर भी दिया जोर

img com 2026080519072868811448181543266853279

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने घर, खेत, विद्यालय, कार्यस्थल या आसपास उपलब्ध स्थान पर अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा स्वच्छ वायु, बेहतर पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव बनेगा।

जलवायु परिवर्तन से निपटने का प्रभावी माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ता तापमान, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ता दबाव पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। ऐसे समय में वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। उन्होंने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन एक पौधा लगाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भी लगाए पौधे

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान केवल वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरित, स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संकल्प है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिकों ने पीपल के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button