Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय की पहल, तीन गांवों में महिला कमांडो टीम का गठन

कोरबी, डोंगरी और काटापाली की महिलाओं को मिली नई जिम्मेदारी, नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता अभियान को मिलेगी मजबूती।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) की पहल पर नशा मुक्ति एवं साइबर जनजागरूकता अभियान के तहत एक साथ तीन गांवों में महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। ग्राम डोंगरी में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम कोरबी, डोंगरी एवं काटापाली की जागरूक और सक्रिय महिलाओं को संगठित कर महिला कमांडो टीम बनाई गई।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

महिला कमांडो टीम के गठन का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा सामुदायिक जागरूकता के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका प्रदान करना है। इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गांव-गांव चलाएंगी जनजागरूकता अभियान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। महिला कमांडो टीम गांव-गांव में जनजागरूकता की मजबूत कड़ी बनकर नशे के खिलाफ अभियान, साइबर अपराधों से बचाव और महिला-बाल सुरक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध और नशे की समस्या समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। इन समस्याओं से निपटने के लिए पुलिस के साथ-साथ जनसहभागिता भी आवश्यक है। महिला कमांडो टीम के सदस्य अपने गांवों में लोगों को जागरूक करेंगे तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएंगे।

साइबर ठगी और महिला सुरक्षा पर दी जानकारी

कार्यक्रम में महिलाओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा कानून और बाल संरक्षण संबंधी विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें समाज में जागरूकता अभियान चलाने और अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन तथा थाना बलौदा प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button