अकलतरा नगर पालिका में फिर बवाल, नाराज पार्षदों ने जड़ा ताला

सामान्य सभा विवाद के बाद बढ़ा टकराव, अध्यक्ष पर मनमानी और अनियमितता के आरोप
जांजगीर-चांपा। नगर पालिका अकलतरा में सामान्य सभा के दौरान हुए विवाद का मामला अब और गर्माता नजर आ रहा है। बुधवार को एक बार फिर नाराज पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में पार्षद और उनके समर्थक नगर पालिका कार्यालय पहुंच गए। कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया गया। इस दौरान अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप
प्रदर्शन कर रहे पार्षदों का आरोप है कि तालाब गहरीकरण, प्लेसमेंट कर्मचारियों की नियुक्ति और अन्य विकास कार्यों में भारी अनियमितता बरती जा रही है। उनका कहना है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया कि सामान्य सभा में उठाए गए गंभीर मामलों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। सवाल उठाने वाले जनप्रतिनिधियों को अपमानित किया जा रहा है, जिससे नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
“आर-पार की लड़ाई” का ऐलान
विरोध कर रहे पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने इसे “आर-पार की लड़ाई” बताते हुए तालाबंदी को जनहित की लड़ाई करार दिया।
कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी
नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी की स्थिति बनने के बाद कर्मचारियों में भी अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। कई कर्मचारी कार्यालय के बाहर ही खड़े रहे और कामकाज प्रभावित रहा।




