अंतरास्ट्रीय चेस डे पर चांपा में सजेगी बिसात; 26 जुलाई को वन डे रैपिड चेस टूर्नामेंट, बच्चों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका

अंडर-8, अंडर-11 और अंडर-15 वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी लेंगे हिस्सा; सभी प्रतिभागियों को मेडल और विजेताओं को मिलेगी ट्रॉफी
🔴 आज की बात। जांजगीर चाम्पा।
अंतरराष्ट्रीय शतरंज दिवस (20 जुलाई) के उपलक्ष्य में जांजगीर-चांपा जिले के नन्हे चेस खिलाड़ियों के लिए एक शानदार प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। ‘किड्स प्रमोट चेस एकेडमी’ द्वारा आगामी 26 जुलाई (रविवार) को चांपा के कृष्णा विहार कॉलोनी (हसदेव पब्लिक स्कूल के समीप कम्युनिटी हॉल) में एक दिवसीय ‘वन डे रैपिड चेस टूर्नामेंट’ आयोजित किया जाएगा।
जिले के अंडर-8, 11 और 15 वर्ग के खिलाड़ी होंगे शामिल
टूर्नामेंट डायरेक्टर श्रीमती जयंती यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जांजगीर-चांपा जिले में शतरंज खेल को बढ़ावा देना और जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को तराशना है। इस प्रतियोगिता में केवल जांजगीर-चांपा जिले के अंडर-8, अंडर-11 एवं अंडर-15 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ 26 जुलाई को सुबह 9:30 बजे से होगा।
बालक-बालिकाओं के लिए अलग पुरस्कार, सभी को मिलेंगे मेडल
श्रीमती जयंती यादव ने बताया कि मैच रैपिड प्रारूप में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में बालक और बालिकाएं एक साथ मैच खेलेंगे, लेकिन परिणामों में विजेताओं का चयन अलग-अलग किया जाएगा। प्रत्येक आयु वर्ग (अंडर-8, 11 और 15) में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बालक व बालिका खिलाड़ियों को भव्य ट्रॉफी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त कृष्णा विहार कॉलोनी के स्थानीय नन्हे खिलाड़ियों के लिए प्रत्येक आयु वर्ग में विशेष ट्रॉफी रखी गई है। आयोजन में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें मेडल प्रदान किया जाएगा।
25 जुलाई तक कराएं पंजीयन
आयोजकों ने जिले के सभी खेल प्रेमियों, अभिभावकों और नन्हे शतरंज खिलाड़ियों से अपील की है कि वे 25 जुलाई तक अपना पंजीयन अनिवार्य रूप से करा लें और अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को सफल बनाएं।




