nationalछत्तीसगढ़पॉलिटिक्स

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ का दबदबा: रूप कुमारी चौधरी बनीं महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, दीपक महस्के को सोशल मीडिया संयोजक की कमान

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने घोषित की नई कार्यकारिणी, जमीनी नेतृत्व और डिजिटल रणनीति के महारथियों को मिला राष्ट्रीय मंच

नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम की बहुप्रतीक्षित घोषणा कर दी है। घोषित कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ का संगठनात्मक प्रभाव और प्रतिनिधित्व स्पष्ट रूप से देखने को मिला है, जहाँ राज्य के दो प्रमुख नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अहम दायित्व सौंपे गए हैं। महासमुंद की सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, वहीं सीजीएमएससी (CGMSC) अध्यक्ष दीपक महस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

जमीनी संघर्ष से राष्ट्रीय कमान तक: रूप कुमारी चौधरी

महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक अंतर्गत ग्राम धनापाली में जन्मी रूप कुमारी चौधरी अघरिया समाज से आती हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 2005 में सरायपाली से जिला पंचायत सदस्य के रूप में की थी। 2013 के विधानसभा चुनाव में बसना सीट से पहली बार विधायक चुनकर वे राज्य की सक्रिय राजनीति में उभरीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में महासमुंद सीट से बड़ी जीत हासिल कर संसद पहुंचीं रूप कुमारी चौधरी को अब देश भर में भाजपा महिला मोर्चा का नेतृत्व करने की बड़ी कमान मिली है।

डिजिटल रणनीति और संगठन के शिल्पी: दीपक महस्के

दीपक महस्के भाजपा में एक कुशल रणनीतिकार और डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ के रूप में पहचाने जाते हैं। वर्ष 2014 और 2018 के चुनावों में छत्तीसगढ़ भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक रहते हुए उन्होंने हाईटेक कॉल सेंटर, ऑडियो-ब्रिज और क्षेत्रवार व्हाट्सएप वॉलंटियर नेटवर्क स्थापित करने में अग्रणी भूमिका निभाई थी। वर्तमान में सीजीएमएससी के अध्यक्ष और पार्टी के तेज-तर्रार प्रदेश प्रवक्ता के रूप में सक्रिय महस्के को डिजिटल मोर्चे पर उनके उत्कृष्ट योगदान का लाभ देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है।

राज्य में खुशी की लहर

दोनों नेताओं को केंद्रीय संगठन में शीर्ष पद मिलने पर छत्तीसगढ़ भाजपा, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे राज्य के जमीनी नेतृत्व और संगठनात्मक निष्ठा का राष्ट्रीय सम्मान बताया है।

Related Articles

Back to top button