
मुंगेली। लोरमी के फास्टरपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे दंपत्ति की उस समय मौत हो गई, जब वे बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही जान चली गई। जिस घर में खुशियों की तैयारी चल रही थी, वहां अब मातम छा गया है।
खरीदारी कर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्राम लगरा निवासी इंद्रेश्वर तिवारी (56) और उनकी पत्नी देवेश्वरी तिवारी (48) मुंगेली से शादी का सामान लेकर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नवोदय विद्यालय दाबो के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही फास्टरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
गांव में शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद लगरा गांव में शोक की लहर है। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस परिवार में जल्द ही शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अचानक आई इस त्रासदी ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
बालोद में भी हादसा, दो युवकों की मौत
इसी तरह बालोद जिले में नेशनल हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर चक्काजाम किया और मुआवजे की मांग की। ग्रामीणों ने खराब सड़क और तेज रफ्तार को हादसों की वजह बताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और जांच शुरू कर दी है।



