राष्ट्रप्रेम के जज्बे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा: कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में आयोजित होंगी विविध गतिविधियां; खिलाड़ियों और नागरिकों ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
जांजगीर-चांपा। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने तथा जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा जिले में विविध गतिविधियों का आयोजन शुरू हो गया है। अभियान के प्रथम दिन आज जिला मुख्यालय में राष्ट्रप्रेम के जज्बे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं इस यात्रा में शामिल होकर खिलाड़ियों व प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
तिरंगा यात्रा से संदेश
आयोजित तिरंगा यात्रा में जिले के विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा थामे आगे बढ़ते खिलाड़ियों और युवाओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया। इस दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति के जयकारे गूंजते रहे।
विविध कार्यक्रम का आयोजन
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने जिलेवासियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और स्वतंत्रता दिवस को उत्साह के साथ मनाने की अपील की। अभियान के तहत 09 से 17 अगस्त तक जिले में तिरंगा यात्रा, रैलियां, दौड़ एवं मैराथन, देशभक्ति संगीत कार्यक्रम, कैनवास गतिविधियां, तिरंगा प्रतिज्ञा, सेल्फी अभियान और सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस गरिमामय अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम, एसडीएम जांजगीर एवं खेल अधिकारी सुब्रत प्रधान, तहसीलदार शशिभूषण सोनी, गोपेश्वर कहरा, वरुण पांडेय, दीपक यादव, बघेल सहित विभिन्न खेल विधाओं के प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।





