जीवन में चार मूल्यों का निरंतर स्मरण आवश्यक — कुलपति प्रो. व्ही. के. सारस्वत

श्री महन्त लाल दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवरीनारायण में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आशीर्वाद समारोह आयोजित

जांजगीर चाम्पा। श्री महन्त लाल दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवरीनारायण में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की विदाई के अवसर पर आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुंदरलाल शर्मा पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, बिलासपुर के कुलपति प्रोफेसर व्ही. के. सारस्वत रहे। समारोह की अध्यक्षता महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सरस्वती वंदना के पश्चात विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने अपने शैक्षणिक अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. सारस्वत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि धर्म के साथ जीवन जीना ही जीवन की सच्ची पद्धति है। प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीना ही धर्म है, क्योंकि प्रकृति हमें वनस्पति, जीवन, प्रकाश, वायु और जल प्रदान करती है तथा अपने नियमों का कभी उल्लंघन नहीं करती। उन्होंने कहा कि विदाई जीवन का अंत नहीं, बल्कि निरंतर चलता रहने वाला एक चक्र है—बाल्यावस्था से किशोरावस्था, युवा, प्रौढ़ और वृद्धावस्था तक यह क्रम चलता रहता है।
उन्होंने जीवन में चार बातों को सदैव ध्यान में रखने का संदेश दिया—चेहरे पर मुस्कुराहट बनाए रखना, मन में आभार का भाव रखना, किसी की भावना को ठेस न पहुँचाना और अहंकार से दूर रहना। साथ ही उन्होंने कहा कि अच्छा करने का प्रयास निरंतर करते रहना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्य अतिथि अत्यंत उच्च पद पर आसीन होने के बावजूद सरलता और सहजता का उदाहरण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा 12वीं के पश्चात महाविद्यालयीन जीवन में प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों के लिए कुलपति का आशीर्वाद प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
समारोह में शिक्षण समिति के सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह एवं पूर्णेन्द्र तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रो. शर्मा (बिलासपुर), निरंजन लाल अग्रवाल, उदय राम कैवर्त, सुबोध शुक्ला, सुखराम दास जी, अशोक शर्मा, बसंत देवांगन, घनश्याम प्रसाद साहू, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव सहित महाविद्यालय एवं विद्यालय के प्राचार्य, कश्यप जी तथा समस्त प्राध्यापक एवं शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





