क्राइमजाँजगीर -चाँपा

मोबाइल से चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का खेल, साइबर पुलिस ने दबोचे दो आरोपी

साइबर थाना और चांपा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन मोबाइल और नकद राशि जब्त, दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा

जांजगीर-चांपा जिले में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना और चांपा पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि चांपा क्षेत्र में मोबाइल फोन के माध्यम से हार-जीत पर रुपये का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संजय नगर वार्ड चांपा में दबिश देकर आरोपी उत्तम देवांगन (35) को पकड़ा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार किशन देवांगन (36), निवासी स्टेशन रोड, सक्ती के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

तीन मोबाइल और नकदी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए। इसके बाद थाना चांपा में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

संयुक्त टीम की कार्रवाई

यह कार्रवाई साइबर थाना और चांपा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button