विधायक ब्यास कश्यप के प्रयास से जांजगीर-चांपा क्षेत्र में 40 लाख के विकास कार्यों को मंजूरी

तालाब पिचिंग, तटबंध और पुल निर्माण के लिए विभिन्न गांवों में स्वीकृत हुई राशि
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ब्यास कश्यप के प्रयासों से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकास कार्यों के लिए 40 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। यह राशि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि के अंतर्गत स्वीकृत की गई है।
स्वीकृत कार्यों के तहत ग्राम पंचायत पेंड्री (नवागढ़) में पेंड्री नाला पुलिया के पास तटबंध एवं पचरी निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपये, ग्राम खैरताल के लंकेटर तालाब में पिचिंग एवं पचरी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा ग्राम हाथीटिकरा के कांजी नाला में पुल निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है।
बताया गया है कि इन कार्यों की मांग लंबे समय से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी। विधायक ब्यास कश्यप ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से लगातार पत्राचार और पहल की, जिसके परिणामस्वरूप इन कार्यों के लिए स्वीकृति जारी की गई।
विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि इससे पहले भी इसी योजना के तहत जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांवों में 57 लाख रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है। इन कार्यों से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों को सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाएगा तथा गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।




