बम्हनीडीह में भाजपा की हुंकार: मंत्री गुरु खुशवंत और विधायक अनुज शर्मा की सभा में उमड़ा जनसैलाब

विकास के लिए मांगा वोट, अनुज शर्मा बोले यह स्वर्णिम भविष्य का शंखनाद
जांजगीर-चांपा। नगर पंचायत बम्हनीडीह चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विशाल जनसभा एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में भारी उत्साह देखने को मिला। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी रमेश कुमार डडसेना एवं सभी वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और धरसींवा विधायक एवं अभिनेता अनुज शर्मा मुख्य रूप से शामिल हुए। सभा में दोनों नेताओं ने विकास के नाम पर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
भारी भीड़ में दिखा जनसमर्थन
गर्मी के बावजूद जनसभा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता पहुंचे। नेताओं ने कहा कि यह भीड़ स्पष्ट संकेत देती है कि क्षेत्र में भाजपा के प्रति मजबूत समर्थन है और जनता विकास के साथ खड़ी है।
“यह स्वर्णिम भविष्य का शंखनाद” – अनुज शर्मा
सभा को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह केवल चुनावी सभा नहीं बल्कि बम्हनीडीह के स्वर्णिम भविष्य का शंखनाद है। उन्होंने कहा कि भाजपा का अर्थ विकास की गारंटी है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और राज्य में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में तेजी से विकास हो रहा है। अब बम्हनीडीह में भी विकास की गति और तेज होगी।
अनुज शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी रमेश कुमार डडसेना को ईमानदार और जनता का साथी बताते हुए सभी वार्ड प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की।
कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, भाजपा नेत्री संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व नगरवासी उपस्थित रहे।



