जाँजगीर -चाँपा

फार्मर आईडी अनिवार्य: 1 मई से बिना आईडी नहीं मिलेगा उर्वरक

जांजगीर-चांपा में ई-उर्वरक प्रणाली लागू, 26 हजार से अधिक किसानों को तत्काल पंजीयन की जरूरत

जांजगीर-चांपा। जिले में 1 मई से उर्वरक वितरण के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य कर दी गई है। ई-उर्वरक वितरण प्रणाली लागू होने के बाद अब बिना फार्मर आईडी के किसान सहकारी समितियों और निजी कृषि केंद्रों से खाद नहीं खरीद पाएंगे।

अब तक इतने किसानों ने बनवाई आईडी
जिले में कुल 1,23,061 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पंजीकृत हैं। इनमें से 96,679 किसानों ने फार्मर आईडी बनवा ली है, जबकि 26,382 किसानों का पंजीयन अभी बाकी है।

फार्मर आईडी कैसे बनवाएं
जिन किसानों ने अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, वे एग्री-स्टेक पोर्टल पर स्वयं या पटवारी, सेवा सहकारी समिति और नजदीकी सीएससी सेंटर के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आईडी बनवाने के लिए बी-1, ऋण पुस्तिका/पर्ची, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर जैसे दस्तावेजों का सत्यापन जरूरी होगा।

खरीफ सीजन में भी होगी परेशानी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों के पास फार्मर आईडी नहीं होगी, उन्हें न केवल उर्वरक खरीदने में दिक्कत होगी बल्कि आगामी खरीफ सीजन में धान विक्रय और पीएम किसान योजना की अगली किस्त प्राप्त करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

प्रचार-प्रसार तेज, किसानों से अपील
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी द्वारा मैदानी अमले के माध्यम से अभियान चलाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है। किसी भी समस्या के लिए किसान अपने क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी या सहकारी समिति प्रबंधक से संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button