बम्हनीडीह में 13 सितंबर से बहेगी भागवत ज्ञान गंगा: जयपुरिया परिवार के आयोजन में डॉ. अनिरुद्धाचार्य जी महाराज करेंगे कथा वाचन

बिर्रा रोड में दोपहर 3 बजे से शुरू होगी कथा; विशेष प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम और भव्य झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
जांजगीर-चांपा। पितृमोक्षार्थ गया श्राद्धांतर्गत जयपुरिया परिवार द्वारा आगामी 13 से 19 सितंबर 2026 तक बिर्रा रोड, बम्हनीडीह में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा का वाचन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रसिद्ध कथावाचक डॉ. श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से होगा। आयोजन को लेकर बम्हनीडीह व आसपास के क्षेत्रों में भारी उत्साह का माहौल है और कथा स्थल पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
भव्य कलश यात्रा
कथा के शुभारंभ अवसर पर 13 सितंबर को सुबह 10 बजे भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक महाराज जी द्वारा कथा का वाचन किया जाएगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं अन्य धार्मिक प्रसंगों पर आधारित भव्य झांकियां तथा भक्तिमय संगीत की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी।
विशेष प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम
आयोजन का मुख्य आकर्षण अनिरुद्धाचार्य जी महाराज का विशेष प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम रहेगा। प्रतिदिन कथा समाप्ति के बाद शाम 6 बजे से 7 बजे तक 1 घंटे का प्रश्नोत्तरी सत्र रखा गया है। इस दौरान श्रद्धालुओं को महाराज जी से सीधे अपने प्रश्न पूछने और उनके सरल, रोचक एवं ज्ञानवर्धक उत्तर व समाधान पाने का अलौकिक अवसर मिलेगा।
कथा का लाइव प्रसारण
दूर-दराज और अन्य राज्यों से बम्हनीडीह पहुँचने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए आयोजन के लाइव प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई है। इस पूरे आयोजन का सीधा प्रसारण साधना और श्रद्धा टीवी चैनल पर किया जाएगा, ताकि भक्त घर बैठे ही कथा, प्रवचन, भजन व मुख्य धार्मिक आयोजनों का पुण्य लाभ ले सकें।
सात दिवसीय कथा प्रसंग
कथा के प्रथम दिन 13 सितंबर को देवप्रतिष्ठा व शुकदेव आगमन, 14 सितंबर को ध्रुव चरित्र, 15 सितंबर को प्रह्लाद चरित्र व गजेंद्र मोक्ष, 16 सितंबर को वामनावतार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव व नंदोत्सव, 17 सितंबर को गोवर्धन पूजा व छप्पन भोग तथा 18 सितंबर को रुक्मणी विवाह एवं सुदामा चरित्र का प्रसंग होगा। अंतिम दिन 19 सितंबर को नवयोगेश्वर संवाद के साथ कथा का विश्राम होगा।
श्रद्धालुओं से अपील
आयोजक जयपुरिया परिवार ने क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण व शहरी अंचलों के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में बम्हनीडीह पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और आध्यात्मिक शांति व पुण्य लाभ प्राप्त करने की विनम्र अपील की है।





