Healthजाँजगीर -चाँपाशिक्षा

गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में लायंस क्लब ने दिया प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण, आपात स्थिति में जीवनरक्षक तकनीकों की दी जानकारी

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों व शिक्षकों को सीपीआर, रक्तस्राव रोकने, चोकिंग और आपातकालीन प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा

लायंस क्लब जांजगीर नैला 3233-C द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा की भावना के तहत गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, जांजगीर में “आपातकालीन परिस्थिति में प्राथमिक चिकित्सा” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सही समय पर प्राथमिक उपचार की जानकारी देना था, ताकि अस्पताल पहुंचने से पूर्व घायल या पीड़ित व्यक्ति को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। लायंस क्लब जांजगीर नैला 3233-C के अध्यक्ष डॉ. व्ही. के. पैगवार ने कहा कि प्राथमिक चिकित्सा का ज्ञान प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंचने से पहले यदि सही प्राथमिक उपचार मिल जाए तो अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, मास्टर ट्रेनरों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन क्लब की सचिव जूही गौरहा ने किया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण सत्र में वरिष्ठ मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. आलोकनाथ मंगलम (एमबीबीएस, एमडी) एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक साहू ने दुर्घटना के बाद प्राथमिक उपचार, रक्तस्राव रोकने की विधि, बेहोशी की स्थिति में सहायता, सीपीआर (CPR), 108 एम्बुलेंस सेवा के सही उपयोग तथा भोजन के दौरान गले में वस्तु फंस जाने (चोकिंग) की स्थिति में अपनाई जाने वाली जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लेते हुए विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

विद्यालय प्रबंधन ने सराहा आयोजन

विद्यालय प्रबंधन ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की सहमति व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अधिक से अधिक लोगों की सहायता की जा सके।

इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में लायंस क्लब के अध्यक्ष डॉ. व्ही. के. पैगवार, सचिव जूही गौरहा, कोषाध्यक्ष नमीषा थावाईत, प्रथम उपाध्यक्ष धीरज जैन, द्वितीय उपाध्यक्ष रिकेश अग्रवाल, संचालक मंडल के सदस्य देवेश सिंह एवं राजेश पालीवाल सहित क्लब के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य पुष्पेंद्र कुमार राणा, प्रशासक विपिन गुप्ता, कार्यक्रम संचालक जगेन्द्र कुलमित्र, शिक्षकगण, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button