शिवरीनारायण और पामगढ़ में आतंक मचाने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, एक ही रात में की थी लूटपाट और हत्या जैसी 6 वारदातें!

जांजगीर-चांपा: जिले के शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल पर घूमकर राहगीरों को अपना शिकार बनाने वाले खूंखार गिरोह के मुख्य आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी रामनाथ गोंड उर्फ रामनाथ सबरिया (23 वर्ष), निवासी राहौद, इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड था, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट, डकैती और जानलेवा हमले की 6 अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सुनसान रास्तों पर घात लगाकर बैठता था। जैसे ही कोई राहगीर गुजरता, उसे रोककर गाली-गलौज की जाती और फिर लोहे की रॉड, पाइप व डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया जाता था। हमला इतना बेरहम होता था कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस गिरोह का मुख्य उद्देश्य मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटना था।
एक ही रात में कई शिकार
29 जनवरी 2026: शिवरीनारायण के ग्राम कचंदा के पास नहर किनारे आरोपियों ने तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया, जिसमें मुकेश रायसागर गंभीर रूप से घायल हुए।
27 जनवरी 2026: पामगढ़ के जोगिया नाला पुल, ग्राम मेउ और चेऊडीह में भी इस गिरोह ने जमकर उत्पात मचाया और लूटपाट की।
जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने विशेष टीम का गठन किया था। साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। मुख्य आरोपी रामनाथ गोंड पहले से ही हत्या के प्रयास के एक अन्य मामले में जेल में बंद था। पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई, जहां पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
बरामदगी और कार्रवाई पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्टील का पाइप और लूटे गए 5 मोबाइल फोन (रियलमी, ओप्पो, जिओ) बरामद किए हैं। इस मामले में पहले ही 7 आरोपी और 2 नाबालिग पकड़े जा चुके हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




