भूमिहीन मजदूरों के खाते में पहुंची राशि, इंजी. रवि पाण्डेय ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा ‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के तहत प्रदेश के लाखों परिवारों को दी गई आर्थिक सौगात की चहुंओर प्रशंसा हो रही है। इसी कड़ी में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पाण्डेय ने इस कदम को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मजदूरों का आत्मबल बढ़ा रही यह योजना: रवि पाण्डेय
इंजीनियर रवि पाण्डेय ने कहा कि भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए यह योजना न केवल उन्हें आर्थिक संबल प्रदान कर रही है, बल्कि उनके आत्मबल को भी बढ़ा रही है। उन्होंने आगे कहा, “प्रदेश का अन्नदाता और उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने वाला मजदूर हमारी अर्थव्यवस्था की बुनियाद है। प्रतिवर्ष 10,000 रुपये की यह सीधी सहायता राशि इन परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने और उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।”
सीधे खातों में पहुंची 495 करोड़ से अधिक की राशि
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार के पंडित चक्रपाणि शुक्ल स्कूल मैदान में आयोजित भव्य समारोह के दौरान प्रदेश के लगभग 4 लाख 95 हजार से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों के बैंक खातों में 495.96 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से सीधे ट्रांसफर की है।
सभी वर्गों और आदिवासियों को मिल रहा लाभ
इंजीनियर पाण्डेय ने जोर देकर कहा कि इस योजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है। विशेष रूप से आदिवासी समुदायों सहित सभी पात्र हितग्राही इससे लाभान्वित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। सरकार का यह कदम अंत्योदय की परिकल्पना को साकार कर रहा है।




