कृष्णा विहार कॉलोनी में धूमधाम से मना सावन महोत्सव: शैलू राठौर के सिर सजा सावन क्वीन का ताज

पारंपरिक परिधानों और गीत-संगीत के बीच महिलाओं ने बिखेरे सावन के रंग, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अतिथियों को पौधे भेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जांजगीर चाम्पा। कृष्णा विहार कॉलोनी में महिलाओं द्वारा पारंपरिक उल्लास और उमंग के साथ सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सावन की हरियाली, पारंपरिक परिधानों और गीत-संगीत से सजे इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अंकिता यादव एवं डॉ. मंजू राठौर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सावन क्वीन प्रतियोगिता में शैलू राठौर ने मारी बाजी
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सावन क्वीन कॉन्टेस्ट’ रहा, जिसमें महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए श्रीमती शैलू राठौर ने प्रथम स्थान हासिल कर सावन क्वीन का खिताब अपने नाम किया। वहीं श्रीमती जयंती यादव ने दूसरा और श्रीमती अनीता राठौर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अतिथियों ने तीनों विजेताओं को क्राउन पहनाकर एवं उपहार देकर सम्मानित किया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए अतिथियों को भेंट किए गए पौधे
उत्सव के दौरान सामाजिक सरोकार निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर आयोजन समिति ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह के साथ पौधे भेंट कर सम्मानित किया और सभी से अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। महिलाओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से आपसी सौहार्द, प्रेम और एकता को मजबूती मिलती है।
बड़ी संख्या में कॉलोनी की मातृशक्ति रही मौजूद
इस भव्य आयोजन में रानी तिवारी, श्रद्धा सिंह, जयंती यादव, झरना राठौर, शशि साहू, ज्योति राठौर, सारिका लखेरा, विभा सोनी, उमा अग्रवाल, पुष्पा राठौर, गीता जटवार, जया राठौर, कविता साहू, शैली अग्रवाल, चुनौती चंद्रा, हेमलता दुबे, रंजना साहू, संगीता केवट, नम्रता राठौर सहित कॉलोनी की बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में उपस्थित रहीं।





