क्राइमजाँजगीर -चाँपा

किराये पर जेसीबी-हाइवा लेकर बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 जेसीबी, हाइवा, टाटा सफारी समेत लाखों की संपत्ति जब्त

तीन साल से छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश में चला रहे थे ठगी का नेटवर्क, किराये के बहाने वाहन लेकर बदल देते थे पहचान और कर देते थे सौदा

जांजगीर-चांपा। किराये पर भारी वाहन लेकर फरार हो जाने और बाद में उन्हें दूसरे राज्यों में बेचने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह का जांजगीर-चांपा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 जेसीबी, 1 हाइवा, 1 टाटा सफारी, महंगा मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार गिरोह पिछले करीब तीन वर्षों से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई।

थाना अकलतरा में दर्ज शिकायत के अनुसार पिपरसत्ती निवासी प्रदीप कुमार कोसले ने अपनी जेसीबी किराये पर देने के लिए कुछ लोगों से संपर्क किया था। आरोपियों ने 1.40 लाख रुपये प्रतिमाह किराया और 50 हजार रुपये अग्रिम देने का भरोसा दिलाकर जेसीबी अपने कब्जे में ले ली।

वाहन मिलते ही आरोपियों ने मोबाइल फोन बंद कर दिए और जेसीबी में लगा जीपीएस भी निकाल दिया। अंतिम लोकेशन जबलपुर मिलने पर वाहन मालिक को ठगी का एहसास हुआ और मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

जांच में खुली करोड़ों की ठगी की परतें

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह किरायानामा और खरीद-बिक्री के फर्जी दस्तावेज तैयार कर वाहनों को दूसरे राज्यों में बेच देता था। कई मामलों में वाहन मालिकों को रकम देने का झांसा देकर वाहन अपने कब्जे में लिया गया और बाद में उन्हें बेच दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को जेसीबी, ट्रेलर और ट्रैक्टर की ठगी से जुड़े कई मामलों की जानकारी मिली। आरोपियों ने वाहन मालिकों को भुगतान का भरोसा देकर वाहन हासिल किए और बाद में नंबर बदलकर बेच दिया।

जबलपुर से पकड़ा गया मास्टरमाइंड

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड भरत गुप्ता और उसके सहयोगी शिवम जायसवाल को मध्यप्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया। भरत गुप्ता के खिलाफ बिलासपुर में भी वाहन ठगी का मामला दर्ज है। पुलिस रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर जबलपुर से चोरी गई जेसीबी बरामद की गई। वहीं एक हाइवा वाहन फाइनेंस कंपनी द्वारा जब्त यार्ड में मिला।

5 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त

गिरफ्तार आरोपियों में तीरथराज कुर्रे, राहुल खांडे, सन्नी लाल पाटले, शिवम जायसवाल और भरत गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो जेसीबी, एक हाइवा, ठगी की रकम से खरीदी गई टाटा सफारी, सैमसंग गैलेक्सी S24 अल्ट्रा मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

जप्त वाहन

वाहन मालिकों से पुलिस की अपील

पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को वाहन किराये पर देने से पहले उसका पूरा सत्यापन करें और वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम को हमेशा सक्रिय रखें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button