नवागढ़ पुलिस का अवैध शराब पर बड़ा प्रहार: 25 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

राछाभाठा में दबिश देकर पुलिस ने जब्त किया शराब व बर्तन; एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में हुई कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नवागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने राछाभाठा नवागढ़ में घेराबंदी कर दबिश दी और अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाकर बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
महुआ शराब जब्त
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी अजय कुमार गोड़ (उम्र 27 वर्ष), निवासी राछाभाठा नवागढ़ को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5,000 रुपये मूल्य की 25 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन जब्त किए हैं।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
थाना नवागढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 248/26 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




