ग्राम पंचायतों में मनाया गया रोजगार दिवस व आवास दिवस, चावल महोत्सव के साथ हुआ आयोजन

क्यूआर कोड के माध्यम से योजनाओं की जानकारी, जल संचय व आजीविका कार्यों पर भी दी गई जानकारी
जांजगीर-चांपा, 7 मार्च 2026। कलेक्टर महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में के अंतर्गत रोजगार दिवस तथा के तहत आवास दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शासन के निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों में चावल महोत्सव भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और हितग्राही शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया गया। साथ ही आवास निर्माण की प्रक्रिया, किश्तों की जानकारी और निर्माण कार्य में आने वाली समस्याओं के समाधान के संबंध में अधिकारियों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए बताया कि किसी भी समस्या की स्थिति में ग्राम पंचायत अथवा संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर त्वरित समाधान प्राप्त किया जा सकता है।
आयोजन के दौरान जल संरक्षण को लेकर भी जागरूकता दी गई। ग्रामीणों को सोकपिट निर्माण, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग तथा आजीविका डबरी निर्माण जैसे उपायों की जानकारी दी गई, जिससे जल संचय और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा मिल सके।
इस अवसर पर क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली के माध्यम से ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), महात्मा गांधी नरेगा तथा विकसित भारत जी-राम जी अधिनियम 2025 से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों और नवीन दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई, ताकि वे शासन की योजनाओं से आसानी से जुड़ सकें।
रोजगार दिवस के अवसर पर नरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई तथा ग्रामीणों को उपलब्ध रोजगार अवसरों के बारे में बताया गया। साथ ही यह जानकारी भी दी गई कि नरेगा मजदूरी भुगतान एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों की राशि शीघ्र ही भारत सरकार से प्राप्त होने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर लंबित समस्याओं की जानकारी लेकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए गए। साथ ही युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से संतृप्तता आधारित ग्राम पंचायतों की आदर्श प्लानिंग तथा विकसित भारत जी-राम जी योजना के क्रियान्वयन की जानकारी साझा की गई।
चावल महोत्सव के अवसर पर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



