जांजगीर कलेक्टोरेट में छाई ‘बिहान’ की खुशबू स्व-सहायता समूह की दीदियों ने तैयार किया फूलों और सब्जियों से बना ‘हर्बल गुलाल’

जांजगीर-चांपा | 03 मार्च 2026। होली के रंगों में इस बार केमिकल की मिलावट नहीं, बल्कि जांजगीर की बेटियों के हुनर की महक घुली होगी। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में कलेक्टोरेट और जिला पंचायत परिसर में हर्बल गुलाल के विशेष स्टॉल लगाए गए हैं।

चुकंदर और पलाश से बना ‘जादुई’ गुलाल
बलौदा ब्लॉक के ग्राम चारपारा की प्रगति और नवापारा की नैना स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपनी आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखी है। इन दीदियों ने पूरी तरह प्राकृतिक सामग्री जैसे चुकंदर, पालक, गेंदा और पलाश के फूलों से गुलाल तैयार किया है। यह गुलाल न सिर्फ पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि आपकी त्वचा के लिए भी पूरी तरह सुरक्षित है।
अधिकारियों ने जमकर की खरीदारी
स्टॉल लगते ही कलेक्टोरेट और जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों में भारी उत्साह देखा गया। लोगों ने न सिर्फ अपने परिवार के लिए गुलाल खरीदा, बल्कि महिलाओं के इस हुनर की जमकर सराहना भी की। यह पहल “वोकल फॉर लोकल” अभियान को ग्रामीण स्तर पर मजबूत कर रही है।
बिहान योजना से बदली तकदीर
समूह की महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनने की नई दिशा मिली है। कलेक्टोरेट के अलावा ये महिलाएं अब जनपद पंचायतों और स्थानीय हाट बाजारों में भी अपने उत्पादों की बिक्री कर आय बढ़ा रही हैं। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्थानीय समूहों को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे मंच उपलब्ध कराए जाएंगे।




