क्राइमजाँजगीर -चाँपा

शेयर मार्केट में रकम दोगुनी करने के नाम पर ₹2.04 करोड़ की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

निवेश के नाम पर ₹2.04 करोड़ से अधिक की राशि लेकर रकम वापस नहीं की गई। नया रायपुर से गिरफ्तार दंपति को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ₹2.04 करोड़ से अधिक की ठगी करने के आरोप में चांपा पुलिस ने एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में की गई कार्रवाई में दोनों आरोपियों को नया रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रार्थी हेमदत्त केशरवानी, निवासी चांपा ने 24 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता से थी। हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया।

₹2.04 करोड़ से अधिक निवेश कराने का आरोप

शिकायत के अनुसार प्रार्थी सहित अन्य लोगों ने चेक एवं आरटीजीएस के माध्यम से कुल ₹2,04,97,502 आरोपियों के खातों में जमा किए। आरोप है कि आरोपियों ने केवल ₹39,99,400 वापस किए, जबकि शेष राशि लौटाने में टालमटोल करते रहे और बाद में रकम का गबन कर दिया।

तकनीकी इनपुट से नया रायपुर में गिरफ्तारी

प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार स्थान बदलकर फरार चल रहे थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए गए। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी

हरिशंकर गुप्ता (43 वर्ष)

रेखा गुप्ता (42 वर्ष)

दोनों निवासी मारुति विहार कॉलोनी, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, आदित्य प्रताप सिंह एवं थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button