Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपापॉलिटिक्स

मुख्य निर्वाचन आयुक्त की गिरफ्तारी और ‘वोट चोरी’ के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, कलेक्टोरेट घेरा

जिला कांग्रेस कमेटी ने फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला, प्रशासनिक बैरिकेड्स पर जमकर की नारेबाजी

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। ‘वोट चोरी’ के कथित खुलासों और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा ने सोमवार को कलेक्टोरेट का उग्र घेराव किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में जुटे कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की उच्चस्तरीय समीक्षा की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन

विरोध प्रदर्शन की शुरुआत नगर के मदनलाल पेट्रोल पंप के पास से हुई, जहां जिले भर से कांग्रेसजन बड़ी संख्या में एकत्र हुए। यहां से पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट चौक तक विशाल रैली निकाली। चौक पर पहुंचते ही आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और जमकर आक्रोश जताया।

बैरिकेडिंग कर पुलिस ने रोका, गेट पर ही सौंपा गया ज्ञापन

पुतला दहन के बाद जब कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय की ओर आगे बढ़े, तो प्रशासन द्वारा की गई कड़ी बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं कलेक्टोरेट के मुख्य गेट पर पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस नेताओं से चर्चा कर उनका ज्ञापन स्वीकार किया।

संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा: कांग्रेस नेता

प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी निष्पक्ष संवैधानिक संस्था को मनमाने फैसलों से संचालित करना लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि जनता के मताधिकार और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने आयोग के फैसलों की स्वतंत्र न्यायिक समीक्षा कराने की मांग उठाई।

इस घेराव और प्रदर्शन में प्रदेश सचिव हरप्रसाद साहू, रमेश पैगवार, रफीक सिद्दिकी, नागेन्द्र गुप्ता, कन्हैया राठौर सहित ब्लॉक अध्यक्षगण, जिला पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button