Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा: ₹50 हजार की ठगी से पहले 3 आरोपी गिरफ्तार

काले कागज को केमिकल से असली नोट बनाने का झांसा, नवागढ़ पुलिस और साइबर टीम की कार्रवाई

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

नवागढ़ थाना क्षेत्र में काले कागज को केमिकल की मदद से असली भारतीय नोट में बदलने का झांसा देकर ₹50 हजार की ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

₹50 हजार के बदले ₹2.50 लाख का झांसा

पुलिस के अनुसार, नवागढ़ निवासी साहिल कुमार ने बताया कि करीब 10 दिन पहले उनके पिता के मोबाइल पर तेरस राम महिपाल नामक व्यक्ति का फोन आया था। उसने खुद को केमिकल एक्सपर्ट बताते हुए दावा किया कि विशेष केमिकल की मदद से काले कागज को असली भारतीय मुद्रा में बदला जा सकता है। आरोपी ने ₹50 हजार लेकर ₹2.50 लाख मूल्य का काला कागज और केमिकल देने का झांसा दिया। इसके बाद 6 अगस्त 2026 को प्रार्थी गोविंदा पुल के पास पहुंचा, जहां तेरस राम महिपाल के साथ शिव प्रसाद मनहर और रामरतन साहू भी मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने प्रार्थी से काले कागज के बदले ₹50 हजार नगद मांगे। प्रार्थी को ठगी का संदेह होने पर उसने आरोपियों से पूछताछ की, जिसके बाद तीनों मौके से फरार हो गए।

शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत धारा 318(2) एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सायबर थाना जांजगीर एवं थाना नवागढ़ पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ा।

तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में तेरस राम महिपाल (34), निवासी तालदेवरी थाना बिर्रा, रामरतन साहू (35), निवासी करौबाडीह थाना जैजैपुर और शिव प्रसाद मनहर (36), निवासी करौबाडीह थाना जैजैपुर शामिल हैं।

आरोपी का पूर्व में भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, शिव प्रसाद मनहर पूर्व में थाना जैजैपुर के ₹24 लाख के नकली नोट और रायपुर के गंज थाने में ₹85 लाख के नकली नोट से जुड़े मामलों में चालान हो चुका है। पुलिस ने उसे इस मामले का मास्टरमाइंड बताया है।

केमिकल पाउडर और 6 कागज जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सफेद प्लास्टिक डिब्बे में भरा सफेद केमिकल पाउडर, केमिकल लगा हुआ नोट जैसा दिखने वाला काले रंग का 6 नग कागज तथा OPPO, REDMI और REALME कंपनी के तीन मोबाइल जब्त किए हैं। आरोपी सोशल मीडिया और कॉल के जरिए लोगों से संपर्क कर इस तरह की ठगी करते थे। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, सायबर थाना से निरीक्षक भास्कर शर्मा, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा तथा आरक्षक गिरीश कश्यप और प्रदीप दुबे का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button