जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

जांजगीर-नैला: अमेरिका के स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर सजेगा नैला दुर्गोत्सव, 35 फीट ऊंची रत्नजड़ित मां दुर्गा प्रतिमा होगी आकर्षण

150 फीट ऊंचा और 200 फीट चौड़ा भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा, बंगाल और स्थानीय कलाकार देंगे आयोजन को भव्य स्वरूप

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जिले का प्रसिद्ध नैला दुर्गोत्सव इस वर्ष भी अपनी भव्यता और अनूठी थीम के कारण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव सेवा समिति, नैला इस बार अमेरिका के प्रसिद्ध स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर 150 फीट ऊंचा और 200 फीट चौड़ा भव्य पंडाल तैयार करा रही है। अग्रसेन भवन के सामने पंडाल निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका है।

35 फीट ऊंची रत्नजड़ित मां दुर्गा प्रतिमा होगी स्थापित

समिति अध्यक्ष राजू पालीवाल ने बताया कि इस वर्ष 35 फीट ऊंची रत्नजड़ित मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा को हीरे, मोती और रत्नों की कलात्मक सजावट से आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। साथ ही बंगाल और स्थानीय कलाकारों की कला का सुंदर समन्वय भी श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगा।

हर साल नई थीम से बनती है अलग पहचान

श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव सेवा समिति के अनुसार नैला दुर्गोत्सव हर वर्ष अपनी अनूठी थीम, भव्य पंडाल और आकर्षक सजावट के कारण प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अलग पहचान रखता है। इस वर्ष स्वामीनारायण मंदिर की प्रतिकृति के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण का विशेष अनुभव कराने का प्रयास किया जा रहा है।

देशभर से पहुंचते हैं श्रद्धालु

नैला दुर्गोत्सव में हर वर्ष छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, ओडिशा, बिहार, झारखंड, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष भव्य प्रवेश द्वार, विशाल प्रतिमा और थीम आधारित पंडाल के कारण आयोजन के और अधिक आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है।

तैयारियां जोरों पर

आयोजन समिति ने दुर्गोत्सव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पंडाल निर्माण के साथ अन्य व्यवस्थाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और भव्य आयोजन का अनुभव मिल सके।

Related Articles

Back to top button