अमेठी के बाड़ा में हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, महामंडलेश्वर राजेश्री महंत ने दिया समाज सेवा का संदेश

भजन-कीर्तन, यज्ञ-हवन और शोभायात्रा के साथ हुआ आयोजन, महंत रामसुंदर दास ने बाड़ा को गांव का आश्रय एवं सामाजिक केंद्र बताया।
🔴 Aaj Ki Baat News
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी क्षेत्र स्थित ग्राम अमेठी के बाड़ा में नवनिर्मित श्री हनुमान जी महाराज मंदिर में शनिवार को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, अखंड रामायण, यज्ञ-हवन तथा शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी शामिल हुए।
महामंडलेश्वर ने दिया समाज सेवा का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री दूधाधारी मठ के महामंडलेश्वर राजेश्री महंत रामसुंदर दास जी महाराज ने कहा कि लगभग डेढ़ वर्ष पहले इस बाड़ा के निर्माण का भूमि पूजन किया गया था और कम समय में इसका निर्माण पूर्ण होना भगवान हनुमान की कृपा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह बाड़ा केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गांव के सुख-दुख, सांस्कृतिक और शैक्षणिक आयोजनों का भी केंद्र बनेगा। महंत जी ने कहा कि जब महानदी उफान पर होती है, तब यह बाड़ा गांववासियों के लिए आश्रय स्थल का कार्य करता है। उन्होंने लोगों से इस परिसर का समाजहित में सदुपयोग करने का आह्वान किया।
शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु
आयोजन के दौरान गांव में श्री हनुमान जी महाराज की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें कीर्तन मंडली के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और आयोजन की सराहना की।





